विधानसभा चुनाव-2027 : मतदान और मतगणना कार्मिकों का डाटाबेस तैयार करने में जुटा प्रशासन

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा चुनाव-2027 : मतदान और मतगणना कार्मिकों का डाटाबेस तैयार करने में जुटा प्रशासन


हरिद्वार, 04 नवंबर (हि.स.)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार जिला प्रशासन ने मतदान एवं मतगणना कार्मिकों का डाटाबेस तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके लिए जनपद के सभी सरकारी और अर्द्धसरकारी विभागों, कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों का विवरण जुटाया जा रहा है।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागाध्यक्षों, कार्यालयाध्यक्षों और शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि कार्मिकों का अद्यतन विवरण निर्धारित प्रारूप में 5 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं के लिए कार्मिकों का सटीक और त्रुटिरहित डाटाबेस तैयार करना जरूरी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड, देहरादून के निर्देशों के अनुपालन में यह प्रक्रिया संचालित की जा रही है। संबंधित विभागों को प्रारूप-1 एवं प्रारूप-2 के भाग 2/1, 2/2, 2/3 और 2/4 में कार्मिकों की सूचना शुद्ध, स्पष्ट, पूर्ण एवं अद्यतन रूप में उपलब्ध करानी होगी।

कार्मिकों का विवरण ई-मेल अथवा हार्ड कॉपी के माध्यम से जिला सूचना विज्ञान केंद्र, हरिद्वार में जमा कराया जा सकता है। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर मतदान एवं मतगणना कार्मिकों का डाटाबेस तैयार किया जाएगा, जिससे निर्वाचन के दौरान कार्मिकों की तैनाती एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा तक कार्मिकों का विवरण उपलब्ध नहीं कराने वाले संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772079 Articles

Share this story