गढ़मीरपुर मारपीट प्रकरण में दूसरे पक्ष के तीन आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 23 जून (हि.स.)। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गढ़मीरपुर में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दूसरे पक्ष से जुड़े तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार 18 जून को ग्राम गढ़मीरपुर में दो पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मामले का संज्ञान लेते हुए रानीपुर पुलिस ने उसी दिन पहले पक्ष के तीन लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया था।इसी क्रम में सोमवार को प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दूसरे पक्ष से जुड़े शहजाद, रिजवान और आजम को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपितों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शहजाद पुत्र नसीम (19), रिजवान पुत्र ईरफान (28) और आजम पुत्र समीम (26) निवासी ग्राम गढ़, कोतवाली रानीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी का चालान कर वैधानिक कार्रवाई पूरी कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

