बीएचईएल कर्मी को घेरकर पीटा, चार आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बीएचईएल कर्मी को घेरकर पीटा, चार आरोपित गिरफ्तार


हरिद्वार, 05 सितंबर (हि.स.)। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने बीएचईएल कर्मी से मारपीट कर डराने-धमकाने के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

घटना 13 अगस्त की है। शिवालिक नगर निवासी मोहित चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सुबह बीएचईएल ड्यूटी जा रहे थे। सेक्टर-5 बी खोखा मार्केट के पास दो बाइकों पर सवार पांच युवकों ने उन्हें रोककर लाठी-डंडों और बेल्ट से पीटा और जान से मारने की धमकी दी।

एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करते हुए न्यू टिहरी विस्थापित आर्मी ग्राउंड, गूजर बस्ती से चार आरोपितों को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका संपर्क मोहित के पड़ोसी संदीप वर्मा से हुआ था, जिसने सिडकुल में नौकरी और ठेली लगवाने का झांसा दिया था। संदीप का मोहित से पुराना विवाद था, जिसके चलते उसने मोहित को डराने-धमकाने के लिए उन्हें 3 हजार रुपये देकर भेजा था। आरोपियों ने मोहित का पीछा कर उसकी बाइक रोकी, मारपीट की और उसकी बुलेट की चाबी निकालकर जंगल में फेंक दी।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ पहलवान, आकाश, ऋषभ और हिमांशु निवासी थाना नजीबाबाद, बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस फरार पांचवें आरोपी की तलाश कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story