वनकर्मियों पर हमला करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, कार से मिले 52,500 के जाली नोट

WhatsApp Channel Join Now
वनकर्मियों पर हमला करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, कार से मिले 52,500 के जाली नोट


हरिद्वार, 28 जून (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत श्यामपुर पुलिस ने वनकर्मियों पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों की कार से 500 के 105 जाली नोट बरामद किए, जिससे नकली नोटों के कारोबार का भी बड़ा खुलासा हुआ।

जानकारी के अनुसार, 27 जून को वन रेंज श्यामपुर में तैनात वन आरक्षी ललित कुमार ने कोतवाली श्यामपुर में तहरीर देकर बताया कि वह अपने साथी वन आरक्षी अश्विनी कुमार के साथ सरकारी ड्यूटी पर थे। इसी दौरान पांच लोगों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली, जान से मारने की धमकी दी, मोबाइल फोन छीनकर सड़क पर पटक दिया और बाद में उसे नहर में फेंक दिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला कर दोनों वनकर्मियों को घायल भी कर दिया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज रावत को सौंपी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सियाज कार (डीएल 5 सीएन-2968) की तलाशी ली, जिसमें 500 के 105 जाली नोट, लोहे की रॉड तथा अन्य सामान बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में चलाने के अवैध कारोबार से भी जुड़े हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया है। साथ ही फरार अन्य आरोपितों की तलाश और जाली नोटों के नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते शिवम कश्यप पुत्र ओमप्रकाश, अनुल पुत्र ओमप्रकाश, निवासीगण गली नं. 5, श्यामपुर, हरिद्वार व विकास सिंह पुत्र नौबहार सिंह, निवासी कांगड़ी, थाना श्यामपुर, हरिद्वार बताए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story