गुरुकुल कांगड़ी में आर्य वीर दल व आर्या वीरांगना दल शिविर का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
गुरुकुल कांगड़ी में आर्य वीर दल व आर्या वीरांगना दल शिविर का शुभारंभ


हरिद्वार, 08 जुलाई (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में आयोजित आर्य वीर दल एवं आर्या वीरांगना दल शिविर का आज शुभारंभ हुआ। शिविर के उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने युवाओं के चरित्र निर्माण, अनुशासन, आत्मरक्षा और राष्ट्रभक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दिल्ली आर्य वीर दल के प्रमुख बृहस्पति आर्य ने कहा कि अनुशासित एवं स्वस्थ दिनचर्या ही श्रेष्ठ जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक विचार सामान्य व्यक्ति को भी श्रेष्ठता के शिखर तक पहुंचा सकते हैं। जीवन में उच्च आदर्श और मर्यादाओं को अपनाने के लिए विनम्रता आवश्यक है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार ने कहा कि चरित्र निर्माण, आत्मरक्षा, शाखा संचालन और वैदिक संस्कारों के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति, समर्पण, आदर और अनुशासन की भावना विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

शिविर के मुख्य संयोजक डॉ. संदीप वेदालंकार ने कहा कि आर्य वीर दल, आर्य समाज की अनुशासित संगठनात्मक इकाई है, जिसका उद्देश्य देश के लिए निष्ठावान, निर्भीक, अनुशासित एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत युवाओं का निर्माण करना है। कार्यक्रम का संचालन सह संयोजक डॉ. मयंक पोखरियाल ने किया।

इस शिविर में देश के विभिन्न राज्यों, शिक्षण संस्थानों और आर्य संस्थाओं से आए आर्य वीर एवं आर्या वीरांगनाओं के साथ गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं भी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस अवसर पर प्रो. नितिन काम्बोज, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. संजील, डॉ. आशीष धमांदा, डॉ. कपिल मिश्रा, डॉ. गगन माटा, डॉ. मुकेश त्यागी, डॉ. कपिल आर्य, डॉ. प्रणवीर, डॉ. भारत वेदालंकार, सुनील भगत, अमन कुमार, डॉ. सुनील कुमार, दीपक आर्य, डॉ. शिव कुमार चौहान, डॉ. अनुज कुमार, विकास राणा सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story