स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 15 वाहनों के चालान, दो बसें सीज
हरिद्वार, 17 नवंबर (हि.स.)। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में सिडकुल और बीएचईएल क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूली बसों और बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच की गई। अभियान में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 15 वाहनों के चालान किए गए, जबकि वैध फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं मिलने पर दो बसों को सीज कर दिया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर, एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा और परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी की मौजूदगी में चलाया गया। टीम ने कुल 35 स्कूली बसों और बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान दो बसों के पास वैध फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं पाए गए, जिस पर उन्हें सीज कर दिया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों और संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बच्चों के परिवहन में सभी सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। वाहनों के फिटनेस सहित सभी जरूरी दस्तावेज वैध रखें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

