घर में घुसकर जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 04 अक्टूबर (हि.स.)। घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में भगवानपुर पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्पेलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को प्रताप कॉलोनी निवासी रामपाल शर्मा ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोग उनके घर में घुस आए और उनके पोते रोहित शर्मा उर्फ लक्की के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि सन्नी गुर्जर ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर भी किया।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से साक्ष्य जुटाए। साथ ही संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खेलपुर-खानपुर मार्ग पर चेकिंग के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में सन्नी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्पेलेंडर बाइक भी कब्जे में ले ली। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उनका लक्की के साथ विवाद चल रहा था और वे अन्य साथियों के साथ उसके घर गए थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गौरव पुत्र हरीश भारद्वाज निवासी कस्बा भगवानपुर, उम्र 26 वर्ष और सन्नी गुर्जर उर्फ सन्नी तोमर पुत्र वीर सिंह निवासी शाहपुर, कोतवाली भगवानपुर, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

