नशे की गोलियों के साथ सैफ अली गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नशे की गोलियों के साथ सैफ अली गिरफ्तार


हरिद्वार, 23 सितंबर (हि.स.)। ऑपरेशन प्रहार के तहत ज्वालापुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को अवैध नशीले कैप्सूल और टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इन नशीली दवाओं को मजदूरों को बेचने के लिए ले जा रहा था।

ज्वालापुर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति रुक्मणी गार्डन, राजलोक कॉलोनी में काम करने वाले मजदूरों को नशे की गोलियां बेचने जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। औषधि निरीक्षक हरीश सिंह को भी मौके पर बुलाया गया। मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर सीफील्ड स्कूल के पास रुक्मणी गार्डन कॉलोनी में एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम मौ. सैफ अली पुत्र नफीस, निवासी ग्राम सराय, कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 55 नशीले कैप्सूल और 40 टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार बरामद कैप्सूल में डाइसाइक्लोमीन हाइड्रोक्लोराइड, ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड और एसिटामिनोफेन तथा टैबलेट में अल्प्राजोलम शामिल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story