फायरिंग मामले में एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
हरिद्वार, 12 अक्टूबर (हि.स.)। लक्सर कोतवाली क्षेत्र में मारपीट कर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से फरार चल रहा आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने सुरागरसी के आधार पर उसे दबोच लिया, जबकि घटना में शामिल दूसरे आरोपित की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, नौ अक्तूबर को अकोढ़ा कलां निवासी सुमित कुमार ने लक्सर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बहादरपुर निवासी रितिक ने अपने साथी के साथ मिलकर उसके भाई राकेश के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थान पर हुई घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 11 अक्तूबर को आरोपित रितिक पुत्र शरणवीर सिंह, निवासी बहादरपुर खादर, कोतवाली लक्सर को हिरासत में लिया। पुलिस अब घटना में शामिल दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

