पॉक्सो मामले में 25 हजार का इनामी आरोपित हरिद्वार से गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पॉक्सो मामले में 25 हजार का इनामी आरोपित हरिद्वार से गिरफ्तार


देहरादून, 12 जुलाई (हि.स.)। देहरादून पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत कार्रवाई करते हुए पॉक्सो अधिनियम के एक मामले में पिछले छह माह से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित को हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर वांछित एवं इनामी अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली डोईवाला और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने रविवार को आरोपित कैलाश चंद्र को हरिद्वार के अलीपुर इब्राहिमपुर स्थित ओम पैकेजिंग फैक्ट्री के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, डोईवाला कोतवाली में दर्ज मुकदमे में आरोप है कि आरोपित ने एक नाबालिग एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ बालिका को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। मामले में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया था। लगातार दबिश और तकनीकी विश्लेषण के बावजूद वह पुलिस से बचने के लिए अपने ठिकाने बदलता रहा था। लंबे समय तक फरार रहने पर उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर आरोपित के हरिद्वार में होने की जानकारी मिली,जिसके बाद संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान 32 वर्षीय कैलाश चंद्र, मूल निवासी बैयावर (राजस्थान) और हाल निवासी बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story