तारों के निर्माण में हब-फिलामेंट संरचनाओं पर एरीज मैसूरु में करेगा अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी
नैनीताल, 29 नवंबर (हि.स.)। नैनीताल स्थित एरीज यानी आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान की ओर से मैसूरु कर्नाटक में आगामी 30 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक अंतर्राष्ट्रीय खगोलीय संघ (आईएयू) की ‘तारों के निर्माण में हब-फिलामेंट संरचनाएँ’ विषय पर संगोष्ठी ‘आईएयू संगोष्ठी-412’ आयोजित की जा रही है। इसमें दुनिया भर के खगोलविद और शोधकर्ता तारों तथा तारागुच्छों के निर्माण से जुड़े नवीनतम शोध पर चर्चा करेंगे। संगोष्ठी में आणविक बादलों में पाई जाने वाली हब-फिलामेंट संरचनाओं की भूमिका पर चर्चा की जायेगी।
उल्लेखनीय है कि तारे गैस और धूल के विशाल आणविक बादलों में गुरुत्वाकर्षण, अशांत प्रवाह और चुंबकीय क्षेत्रों जैसी प्रक्रियाओं से बनते हैं। इन बादलों में लंबे तंतुओं का जाल होता है। जहाँ कई तंतु मिलते हैं, वहाँ सघन क्षेत्र बनते हैं, जिन्हें ‘हब’ यानी केंद्र कहा जाता है। अक्सर इन्हीं क्षेत्रों में विशाल तारों और तारागुच्छों का निर्माण होता है। संगोष्ठी में आणविक बादलों की संरचना, चुंबकीय क्षेत्र, तारों का निर्माण, युवा तारे और तारागुच्छ तथा कम और अधिक द्रव्यमान वाले तारों के निर्माण पर चर्चा होगी।
अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, जापान, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी सहित विभिन्न देशों के दस आमंत्रित विशेषज्ञ व्याख्यान, शोध प्रस्तुतियाँ और पोस्टर सत्रों में भाग लेंगे।
संगोष्ठी में युवा शोधार्थियों के प्रशिक्षण के लिए विशेषज्ञों की विशेष व्याख्यान श्रृंखला भी आयोजित होगी। संगोष्ठी के आयोजन समिति के अध्यक्ष पुर्तगाल स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ पोर्टो के प्रो. नंदा कुमार और सह-अध्यक्ष जापान के क्यूशू विश्वविद्यालय की डॉ. डोरिस अरजूमैनियन हैं।
स्थानीय आयोजन समिति के अध्यक्ष एरीज के डॉ. सौरभ शर्मा और सह-अध्यक्ष भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला, अहमदाबाद के डॉ. लोकेश देवांगन हैं। संगोष्ठी से खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग मजबूत होने तथा तारों के निर्माण और विकास को समझने के लिए नए शोध सहयोग और वैज्ञानिक संवाद को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

