अर्धकुंभ-2027 के लिए उत्तराखंड को 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित
देहरादून, 30 अक्टूबर (हि.स.)। हरिद्वार में प्रस्तावित अर्धकुंभ मेला-2027 के आयोजन के लिए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया है। इसमें 7,260 मीट्रिक टन गेहूं और 7,260 मीट्रिक टन चावल शामिल है। इससे मेले के दौरान खाद्यान्न की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इस आवंटन की जानकारी दी है। भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने उत्तराखंड सरकार की मांग पर यह अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया है। राज्य सरकार ने अर्धकुंभ मेले के दौरान खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता और सुचारु वितरण व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्र से अतिरिक्त आवंटन का अनुरोध किया था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इससे अर्धकुंभ मेले के दौरान खाद्य सामग्री की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

