कुंभ मेला के लिए लोगो डिजाइन के लिए आमंत्रण, आमजन की भागीदारी बढ़ाने की पहल

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 26 मार्च (हि.स.)। आगामी कुम्भ मेला की तैयारियों के तहत मेला प्रशासन ने आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक विशेष पहल शुरू की है। इसके अंतर्गत कुंभ मेला के आधिकारिक प्रतीक चिन्ह (लोगो) के डिजाइन के लिए नागरिकों से रचनात्मक प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं।

मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुम्भ मेला भारत की प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। इसे दिव्य एवं भव्य स्वरूप देने की तैयारियों के क्रम में आमजन की रचनात्मक सहभागिता के माध्यम से आधिकारिक लोगो तैयार करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित लोगो ऐसा होना चाहिए जो कुम्भ मेला की धार्मिक आस्था के साथ-साथ इसकी ऐतिहासिक विरासत को आकर्षक एवं प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करे। लोगो आयोजन की प्रमुख पहचान बनेगा, इसलिए इसमें नवाचार के साथ आध्यात्मिक, सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं की स्पष्ट झलक होना आवश्यक है।

मेलाधिकारी ने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी अपने द्वारा तैयार लोगो की सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी 15 दिनों के भीतर मेला नियंत्रण भवन, निकट हर की पैड़ी, हरिद्वार स्थित कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस पर जमा कर सकते हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि चयनित लोगो डिजाइन के रचनाकार को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के नागरिकों, कलाकारों, डिजाइनरों, युवाओं और छात्रों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर इस पहल को सफल बनाने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story