रानीपुर में 3.41 करोड़ से बनेंगी सड़कें, चार कार्यों को मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 26 सितंबर (हि.स.)। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चार महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक आदेश चौहान के प्रस्ताव पर इन कार्यों के लिए कुल 3.41 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत शिवालिकनगर नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़कों का चौड़ीकरण, डामरीकरण, पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।

स्वीकृत कार्यों में वार्ड संख्या-2 में 99.42 लाख की लागत से करीब 4.5 किलोमीटर सड़क, जबकि शिवालिकनगर शिव मंदिर से चिन्मय डिग्री कॉलेज की ओर जाने वाले करीब एक किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण और डामरीकरण पर 45.26 लाख खर्च किए जाएंगे। इसी तरह वार्ड संख्या-3 में 97.48 लाख से करीब दो किलोमीटर सड़क का डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण और वार्ड संख्या-4 में 99.11 लाख से करीब पांच किलोमीटर सड़क का डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण किया जाएगा।

विधायक आदेश चौहान ने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकार क्षेत्रीय जरूरतों और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देकर विकास कार्यों को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों के साथ विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता दी जा रही है और विकास का सिलसिला लगातार जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story