ऋषिकेश में बनेगा बाईपास, जाम से मिलेगी मुक्ति, फाेर लेन की सड़क के लिए 1105 करोड़ मंजूर
देहरादून, 31 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयास से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने ऋषिकेश बाईपास के 4-लेन निर्माण की स्वीकृति दे दी है। मंत्रालय ने इस परियोजना के लिए 1105.79 करोड़ की तकनीकी, प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिहं धामी ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
मंगलवार काे मीडिया से वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश बाईपास परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा, जाम की समस्या से राहत मिलेगी और स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ चारधाम यात्रा एवं पर्यटन गतिविधियों को भी बड़ी सुविधा प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड के समग्र विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार राज्य के दूरस्थ और शहरी क्षेत्रों को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि यह बहुप्रतीक्षित परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर टीनपानी फ्लाईओवर (किमी 529.750) से लेकर खरासोटे पुल (किमी 542.420) तक विकसित की जाएगी। लगभग 12.670 किलोमीटर लंबा यह बाईपास भट्टोवाला एवं ढालवाला गांवों से होकर गुजरेगा और इसे इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) मोड पर क्रियान्वित किया जाएगा। केंद्रीय मंत्रालय के अनुसार इस परियोजना के लिए प्रारंभिक अनुमान 1151.18 करोड़ था, जिसे संशोधित कर ₹1139.40 करोड़ किया गया और अंततः 1105.79 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। यह
परियोजना तीन वर्ष की समयावधि में पूरी हाेगी और कार्य में किसी प्रकार की लागत या समय वृद्धि स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस परियोजना के लिए व्यय वित्त वर्ष 2025-26 में केंद्र सरकार के बजट प्रावधान के अंतर्गत किया जाएगा। देहरादून स्थित क्षेत्रीय अधिकारी को इस कार्य के लिए ड्रॉइंग एवं डिस्बर्सिंग ऑफिसर नामित किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

