नंदा की चौकी पुल एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त मामले की जांच के आदेश, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट

WhatsApp Channel Join Now
नंदा की चौकी पुल एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त मामले की जांच के आदेश, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट


देहरादून, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड शासन ने देहरादून-पांवटा साहिब पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदा की चौकी स्थित टौंस नदी पर नवनिर्मित पुल की एप्रोच रोड का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के मामले में जांच के आदेश दिए हैं। शासन ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रमुख अभियंता को पूरे प्रकरण की प्राथमिक जांच कर तीन दिन के भीतर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

शासन के सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आई है। चूंकि मामला जनसुरक्षा, लोकहित और सार्वजनिक संपत्ति से जुड़ा है, इसलिए इसकी तत्काल जांच कर उत्तरदायित्व तय किया जाए।

आदेश में कहा गया है कि प्राथमिक जांच उपलब्ध तथ्यों और अभिलेखीय साक्ष्यों के आधार पर की जाए तथा तीन दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराई जाए। शासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story