कुमाऊं विश्वविद्यालय में स्नातक तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा के आवेदन 30 नवंबर तक

WhatsApp Channel Join Now
कुमाऊं विश्वविद्यालय में स्नातक तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा के आवेदन 30 नवंबर तक


नैनीताल, 19 नवंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध परिसरों, महाविद्यालयों एवं संस्थानों में संचालित स्नातक पाठ्यक्रमों के तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय ने बीए, बीएससी और बीकॉम के विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन पत्र भरने के लिए समर्थ पोर्टल 19 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक खोल दिया है।

विश्वविद्यालय की ओर से गुरुवार को जारी सूचना के अनुसार मुख्य परीक्षा पाठ्यक्रम कोड 101, 102 एवं 103 के अंतर्गत स्नातक तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थी निर्धारित अवधि में समर्थ पोर्टल के माध्यम से परीक्षा आवेदन पत्र भरने के साथ शुल्क जमा कर सकेंगे। विश्वविद्यालय ने संबंधित परीक्षार्थियों को 30 नवंबर तक आवेदन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी करने के निर्देश दिये हैं।

इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष ने अर्पित किये श्रद्धासुमन

नैनीताल। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर नगर कांग्रेस कमेटी नैनीताल के पूर्व अध्यक्ष अनुपम कबड़वाल ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर याद किया है।

अनुपम कबड़वाल ने कहा है कि स्व. इंदिरा गांधी को उनके साहसिक निर्णयों और ऐतिहासिक कार्यों के लिए देश सदैव याद रखेगा। उन्होंने कहा कि हरित क्रांति को प्रोत्साहन, निजी बैंकों का राष्ट्रीयकरण, 1971 के युद्ध के बाद बांग्लादेश की स्वतंत्रता, शिमला समझौता और विदेश नीति के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्र उनका कृतज्ञ रहेगा। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी को देश हमेशा ‘लौह महिला’ के रूप में याद करेगा। इस अवसर पर अन्य कांग्रेस नेताओं की ओर से श्रद्धांजलि संबंधी कोई अन्य सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

डीएसए के नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन कल, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा और आयुक्त दीपक रावत रहेंगे मौजूद

नैनीताल। द नैनीताल जिमखाना एवं जिला क्रीड़ा संघ (एनटीजी एवं डीएसए) की ओर से नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन समारोह शुक्रवार 20 नवंबर को शाम 4.30 बजे आयोजित किया जाएगा।

समारोह में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आलोक मेहरा और मुख्यमंत्री के सचिव एवं कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत मुख्य अतिथि के रूप में तथा संघ के महासचिव मनोज जोशी सहित पदाधिकारी, सदस्य और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।

उम्मीद की जा रही है कि नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट के शुरू होने से नैनीताल के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे युवा खिलाड़ियों को अभ्यास करने और अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। संघ ने खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों से उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहने की अपील की गयी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779765 Articles

Share this story