नैनीताल में जन्म हुआ, मैं भी उत्तराखंड का हूं: अनूप जलोटा

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल में जन्म हुआ, मैं भी उत्तराखंड का हूं: अनूप जलोटा


नैनीताल में जन्म हुआ, मैं भी उत्तराखंड का हूं: अनूप जलोटा


-भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

देहरादून, 21 नवंबर (हि.स.)। प्रख्यात भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा ने शनिवार को कहा कि उनका जन्म नैनीताल में हुआ है और इस नाते वह भी उत्तराखंड के हैं। उत्तराखंड से अपने आत्मीय जुड़ाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा,'मेरा जन्म नैनीताल में हुआ, मैं भी उत्तराखंड का हूं।'

शनिवार को राजकीय दून मेंडिकल कॉलेज सभागार देहरादून में भक्तिद्वार टेलीविजन ओटीटी के शुभारंभ समारोह में उन्होंने यह बात कही। कार्यक्रम में अनूप जलोटा ने अपने लोकप्रिय भजनों ‘ऐसी लागी लगन’, ‘राम आएंगे’ और ‘गोविंद जय जय’ की प्रस्तुति दी। उनकी मधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुति से पूरा समारोह भक्तिमय हो गया। उपस्थित श्रोताओं ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। इससे पहले अनूप जलोटा ने भक्तिद्वार टेलीविजन ओटीटी के आगामी शो ‘कर्मों का फल’ की शूटिंग में भी हिस्सा लिया। शो के माध्यम से मनुष्य के कर्मों और उनके परिणामों का संदेश दिया जाएगा।

भक्तिद्वार टेलीविजन ओटीटी के संस्थापक एवं संचालक दिनेश असोपा ने बताया कि इस डिजिटल मंच पर भजन, धार्मिक, आध्यात्मिक और सनातन संस्कृति से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि ऐप का मासिक सब्सक्रिप्शन 11 रुपये रखा गया है। उन्होंने लोगों से ऐप डाउनलोड कर इस पहल से जुड़ने की अपील की।

समारोह में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सिंह सोनी, संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट, राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद के उपाध्यक्ष विनोद उनियाल, सामाजिक कार्यकर्ता साधना शर्मा, अभिनेत्री जया पांडे, क्रिएटिव हेड भावना शर्मा और निर्देशक जयदेव चक्रवर्ती सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781179 Articles

Share this story