हर की पौड़ी से पोस्ट ऑफिस तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, दुकानदारों को चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
हर की पौड़ी से पोस्ट ऑफिस तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, दुकानदारों को चेतावनी


हरिद्वार, 02 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व पर बाजारों में सुचारु आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कुंभ मेले की तैयारियों के दृष्टिगत भी शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में सोमवार को हर की पौड़ी से पोस्ट ऑफिस तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया। इस दौरान दुकानों के आगे निर्धारित पीली पट्टी के बाहर रखे सामान को हटाया गया।

अभियान के दौरान दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे सड़क पर सामान रखकर आवागमन बाधित न करें। निर्धारित पीली पट्टी के बाहर न तो सामान रखा जाए और न ही दुकान संचालित की जाए। प्रशासन ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों का सामान जब्त करने के साथ चालान सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने व्यापारियों और फड़-ठेली संचालकों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा त्योहार के दौरान बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य दीपावली पर बाजारों में भीड़भाड़ नियंत्रित करने, प्रमुख मार्गों पर आवागमन सुचारु रखने और आमजन को असुविधा से बचाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771037 Articles

Share this story