हरिद्वार में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार दूसरे दिन चला अभियान

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार दूसरे दिन चला अभियान


हरिद्वार, 12 सितंबर (हि.स.)। शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु करने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के तहत चलाए गए अभियान में बाल्मीकि चौक से शिवमूर्ति चौक तक सड़क किनारे, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन और नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई की। टीम के मौके पर पहुंचते ही कई दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। इसके बावजूद जहां अतिक्रमण नहीं हटाया गया, वहां प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए अवैध कब्जे हटाए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग, फुटपाथ और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि कार्रवाई के बाद दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार, शहर की सड़कों और फुटपाथों को आमजन के आवागमन के लिए सुगम बनाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को अभी से दुरुस्त किया जा रहा है।

अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story