कांवड़ मेले से पहले भूपतवाला में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ मेले से पहले भूपतवाला में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान


हरिद्वार, 15 जुलाई (हि.स.)। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुव्यवस्थित, सुगम एवं सुरक्षित ढंग से संचालित कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कांवड़ मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज कर दिया है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में बुधवार को भूपतवाला से पुराने एआरटीओ चौक तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान में नगर निगम और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने भी भाग लिया।

कार्रवाई के दौरान सड़क, फुटपाथ, पुलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से लगाए गए लगभग 30 खोखे, फड़, ठेली एवं झुग्गी-झोपड़ियों को हटाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

प्रशासन ने आमजन और व्यापारियों से सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करने तथा कांवड़ मेले के सफल आयोजन में सहयोग करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story