ऑपरेशन ट्रैक-7: उत्तराखंड में 76 नशा तस्कर गिरफ्तार, 1.35 करोड़ के मादक पदार्थ और शराब जब्त
देहरादून, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड पुलिस ने नशा तस्करों और उनके संगठित नेटवर्क के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 24 और 25 नवंबर को चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान 'ऑपरेशन ट्रैक-7' के दौरान पुलिस ने 76 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और एनडीपीएस एक्ट के तहत 69 मुकदमे दर्ज किए। इस दौरान करीब 1.35 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और अवैध शराब जब्त की।
विशेष अभियान के तहत प्रदेशभर में गठित 181 पुलिस टीमों ने 273 चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी और सघन चेकिंग की। इस दौरान 968 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। अभियान का नेतृत्व एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और संबंधित जिलों के पुलिस कप्तानों, अपर पुलिस अधीक्षकों तथा क्षेत्राधिकारियों ने किया।
पुलिस के अनुसार, देहरादून में सपेरा बस्ती, बिंदाल पुल और ऋषिकेश के गुमानीवाला, नैनीताल में गूलरभोज और गुल्लरघट्टी, कोटद्वार में कोड़िया बैरियर, टिहरी में मुनि की रेती तथा ऊधमसिंह नगर में भूरारानी और रम्पुरा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान 450 ग्राम हेरोइन, 4.9 किलोग्राम चरस, 45 किलोग्राम गांजा, 1,510 नशीली टैबलेट और कैप्सूल तथा अंग्रेजी शराब की 40 पेटियां बरामद की गईं। बरामदगी का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1.35 करोड़ रुपये बताया गया है। इसके अलावा मादक पदार्थों से जुड़े दो मामलों में विशेष कार्रवाई करते हुए 4.1 किलोग्राम चरस और 1,282 नशीली टैबलेट एवं कैप्सूल बरामद किए।
पुलिस ने नशा तस्करों के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की, जबकि पांच गैर जमानती वारंट निष्पादित किए गए। इसके अलावा 61 नई हिस्ट्रीशीट खोली गईं और मानस हेल्पलाइन 1933 पर मिली आठ शिकायतों का सत्यापन किया गया। अभियान के तहत 1.3 एकड़ भूमि पर उगाई गई अवैध मादक फसल को भी नष्ट किया गया।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 1,340 मुकदमे दर्ज कर 1,601 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 62 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। वहीं, पीआईटीएनडीपीएस एक्ट के तहत 16 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई करते हुए वित्तीय अन्वेषण के माध्यम से करीब 6.30 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने कहा कि नशा तस्करों, उनके संगठित नेटवर्क और अवैध संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

