एएनटीएफ ने नशा मुक्ति केंद्र में कराई वॉलीबॉल प्रतियोगिता

WhatsApp Channel Join Now
एएनटीएफ ने नशा मुक्ति केंद्र में कराई वॉलीबॉल प्रतियोगिता


हरिद्वार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। नशामुक्त समाज के निर्माण और नशे की गिरफ्त में आए लोगों को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से एएनटीएफ हरिद्वार ने मंगलवार को निर्वाण नशा मुक्ति केंद्र, मिस्सरपुर (कनखल) में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया। नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) के छह वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य खेलों के माध्यम से प्रतिभागियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना रहा। खेल गतिविधियों के जरिए उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और टीम भावना का महत्व बताया गया। साथ ही नियमित खेलकूद एवं व्यायाम को दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश दिया गया।

एएनटीएफ हरिद्वार की ओर से नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और जनसहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अधिकारियों के निर्देश पर आयोजित इस प्रतियोगिता को नशामुक्ति की दिशा में सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

कार्यक्रम में निर्वाण नशा मुक्ति केंद्र के संचालक रोहित कुमार और महेश कांडपाल मौजूद रहे। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कार और प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760107 Articles

Share this story