संत रविदास की 650वीं जयंती पर गूंजा समरसता का संदेश, गांव-गांव पहुंचेगी पवित्र मिट्टी

WhatsApp Channel Join Now
संत रविदास की 650वीं जयंती पर गूंजा समरसता का संदेश, गांव-गांव पहुंचेगी पवित्र मिट्टी


हरिद्वार, 30 अगस्त (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा जिला हरिद्वार की ओर से बहादराबाद में समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संत रविदास की जन्मभूमि से लाई गई पवित्र मिट्टी को कलशों के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान और राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह मोगा मौजूद रहे। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने की।

बलबीर घुनियाल ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनकी जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी को प्रत्येक घर तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि सामाजिक समरसता भाजपा का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास पर केंद्रित है। उन्होंने लोगों से कलश यात्रा में बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।

राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि सरकार संतों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर कार्य कर रही है। संत रविदास ने सामाजिक भेदभाव मिटाने और सनातन मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया।

प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र वाल्मीकि ने कहा कि कलश वितरण कार्यक्रम सामाजिक समरसता का प्रतीक है। महामंत्री विनोद लक्खा ने कहा कि इस पहल से जात-पात का भेदभाव समाप्त करने और आपसी भाईचारा मजबूत करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में भूप सिंह, सुबोध राकेश, मनोज गौतम, ब्रज रानी, प्रताप प्रधान, अश्वनी काम्बोज, शिवम चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story