अंकिता के माता-पिता ने की विनोद आर्य के नार्को टेस्ट और कॉल डिटेल की जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अंकिता के माता-पिता ने की विनोद आर्य के नार्को टेस्ट और कॉल डिटेल की जांच की मांग


देहरादून, 17 नवंबर (हि.स.)। अंकिता भंडारी के माता-पिता ने आरोपित पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के नार्को टेस्ट और कॉल डिटेल के जांच करने की मांग उठाई है। अंकिता के पिता ने आरोप लगाया कि विनोद आर्य उनकी बेटी के चरित्र को लेकर आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब इस तरह की बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परिवार न्याय की लड़ाई जारी रखेगा।

अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि घटना के समय ही उन्होंने सरकार और पुलिस से विनोद आर्य को गिरफ्तार करने की मांग की थी। उन्होंने दावा किया कि घटना के दौरान विनोद आर्य का दिल्ली आना-जाना था। उन्होंने इस पहलू की जांच कराने के साथ ही मामले में कथित वीआईपी की भूमिका का भी खुलासा करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच के दौरान विनोद आर्य का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए और उनकी कॉल डिटेल की जांच होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर परिवार पूरे उत्तराखंड में धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेगा।

अंकिता की मां ने अपील करते हुए कहा कि जिस तरह पहले लोगों ने अंकिता के लिए आवाज उठाई थी, उसी तरह एक बार फिर आगे आकर उसकी आवाज बनें। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय की इस लड़ाई में लोगों के सहयोग की जरूरत है। अंकिता के माता-पिता ने कहा कि उनकी मांग है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच हो और बेटी को न्याय मिले।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778840 Articles

Share this story