अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक करने पर भड़की महिला कांग्रेस जो

WhatsApp Channel Join Now
अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक करने पर भड़की महिला कांग्रेस जो


अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक करने पर भड़की महिला कांग्रेस जो


हरिद्वार, 17 नवंबर (हि.स.)। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। अंकिता और उसके दोस्त की निजी चैट सार्वजनिक किए जाने के विरोध में मंगलवार को महिला कांग्रेस ने भाजपा के पूर्व राज्य मंत्री डॉ. विनोद आर्य के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में दर्जनों महिला कार्यकर्ताओं ने डॉ. विनोद आर्य के आवास की ओर कूच किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई।

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निजी चैट सार्वजनिक किए जाने को महिला की निजता और सम्मान पर हमला बताते हुए डॉ. विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि अंकिता भंडारी पहले ही एक जघन्य हत्याकांड की शिकार हो चुकी है। ऐसे में उसकी निजी बातचीत को सार्वजनिक करना बेहद संवेदनशील और निंदनीय है। किसी भी व्यक्ति को किसी महिला की निजता से खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं है।

पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराजगी जताई। करीब आधे घंटे तक मौके पर हंगामा चलता रहा। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार तीखी बहस हुई। बाद में पुलिस ने प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला को हिरासत में ले लिया।

प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक किया जाना बेहद शर्मनाक है। किसी महिला की निजता और सम्मान के साथ इस तरह खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने और डॉ. विनोद आर्य की गिरफ्तारी की मांग की।

वहीं, कांग्रेस नेता महेश प्रताप राणा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मूल सवालों से ध्यान भटकाने के लिए पूरे प्रकरण को दूसरी दिशा में ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निजी चैट सार्वजनिक किए जाने का मामला बेहद गंभीर है और कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी।

फिलहाल अंकिता की निजी चैट को लेकर शुरू हुआ विवाद राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर सड़कों पर पहुंच गया है। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में कंांग्रेसजन मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778405 Articles

Share this story