अंकिता भंडारी केस: उर्मिला ने जताई नार्को टेस्ट की सहमति, पुलकित का भी टेस्ट कराने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अंकिता भंडारी केस: उर्मिला ने जताई नार्को टेस्ट की सहमति, पुलकित का भी टेस्ट कराने की मांग


हरिद्वार, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी के खुलासे को लेकर चर्चा में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर का नार्को व पॉलीग्राफ टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराया जाएगा। शुक्रवार को देहरादून स्थित सीबीआई कोर्ट में इस मामले पर सुनवाई हुई। हालांकि टेस्ट की तारीख अभी तय नहीं हुई है।

कोर्ट में पेश होने के बाद उर्मिला सनावर ने मीडिया से बातचीत में खुद को भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्हें न्याय की उम्मीद है। वह अंकिता को न्याय दिलाने के लिए नार्को टेस्ट समेत हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं। उन्होंने जेल में बंद मामले के दोषी पुलकित आर्य का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग उठाई।

उर्मिला ने हरिद्वार की रानीपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि नार्को टेस्ट नहीं कराने के लिए उन्हें 25 लाख रुपये और गाड़ी देने का ऑफर दिया गया था। उन्होंने कहा कि वह किसी भी दबाव में नहीं आएंगी और तथ्यों को सामने लाने के लिए टेस्ट कराने को तैयार हैं।

उर्मिला लगातार अंकिता हत्याकांड में कथित वीवीआईपी की भूमिका को लेकर सवाल उठा रही हैं। उनका कहना है कि उन्हें सीबीआई की जांच पर भरोसा नहीं है और वह चाहती हैं कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो।

इससे पहले 23 अक्टूबर को भी उर्मिला सीबीआई कोर्ट में पेश हुई थीं, जहां उन्होंने नार्को टेस्ट पर सहमति जताई थी। 26 अक्टूबर को दोबारा पेशी से पहले ही हरिद्वार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। यह गिरफ्तारी पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर रानीपुर थाने में दर्ज मुकदमे में हुई थी। इसके बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story