आक्रोशित छात्रों ने पौड़ी परिसर में की तालेबंदी

WhatsApp Channel Join Now
आक्रोशित छात्रों ने पौड़ी परिसर में की तालेबंदी


पौड़ी गढ़वाल, 22 अप्रैल (हि.स.)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के बीजीआर परिसर पौड़ी में छात्रों ने विभिन्न मांगों के हल करने को लेकर बुधवार को भी तालाबंदी की। इस दौरान छात्रसंघ पदाधिकारियों व छात्रों ने परिसर के प्रशासन भवन पर तालाबंदी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने कहा कि बीजीआर परिसर पौड़ी की समस्याओं के समाधान को लेकर लगातार परिसर व विवि प्रशासन से मांग की जा रही है। लेकिन विवि प्रशासन परिसर की उपेक्षा कर रहा है। छात्रों ने छात्रहित में जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

बुधवार को गढ़वाल विवि के बीजीआर परिसर पौड़ी में छात्रों ने अनिश्चितकालीन तालाबंदी शुरू की। छात्रों ने विवि प्रशासन पर छात्रों की मांगों व परिसर की उपेक्षा का आरोप लगाया। विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर छात्रसंघ अध्यक्ष चिराग गुसांई, महासचिव हर्षबर्धन जैन ने बताया कि बीजीआर परिसर पौड़ी में खेल मैदान निर्माण प्रस्तावित था। जिसका निर्माण कार्य भी शुरु किया गया, लेकिन अब केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य को अधूरा छोड़ दिया है।

कहा कि परिसर में लगातार छात्र संख्या घट रही है, जो चिंता का विषय है। छात्र लगातार श्रीनगर की तर्ज पर फॉरेस्ट्री, योगा, पत्रकारिता, पर्यटन जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन विवि प्रशासन मूक बना हुआ है।

बताया कि परिसर में सहायक व उप कुलसचिव की नियुक्ति, बीएड को स्ववित्त पोषित के स्थान पर नियमित संचालित किए जाने और अन्य राज्यों व प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के अध्ययनरत छात्रों की सुविधा के लिए आधुनिक सुविधाओं वाला छात्रावास बनाए जाने की मांग की जा रही है। लेकिन विवि प्रशासन छात्रहित में ठोस कदम नहीं उठा रहा है। छात्रों ने कहा कि कुलपति छात्रों से वार्ता के लिए जब तक बीजीआर परिसर पौड़ी नहीं आते, तालाबंदी जारी रहेगी।

प्रदर्शन करने वालो में छात्रसंघ उपाध्यक्ष मानसी डंगवाल, निखिल, कौस्तुब, सिमरन, साहिल, कुश आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story