अक्षय पुण्य की कामना से की आंवले के वृक्ष की पूजा

WhatsApp Channel Join Now
अक्षय पुण्य की कामना से की आंवले के वृक्ष की पूजा


हरिद्वार, 18 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाया जाने वाला आंवला नवमी का पर्व सनातन धर्म में विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखता है। इसे अक्षय नवमी भी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना करने से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। आंवला नवमी पर पूजा, दान-पुण्य और सेवा कार्यों का विशेष महत्व बताया गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन किए गए शुभ कार्यों का पुण्य अक्षय रहता है, अर्थात उसका फल कभी समाप्त नहीं होता। इसी के चलते आज आंवला नवमीं का पर्व मनाया गया।

इा दिन महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और पति की दीर्घायु की कामना से आंवले के वृक्ष का पूजन किया। वृक्ष के नीचे दीप प्रज्वलित कर रोली, अक्षत, पुष्प, धूप और नैवेद्य अर्पित किया। इसके बाद वृक्ष की परिक्रमा कर व्रत कथा सुनी। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन बनाकर परिवार और अन्य लोगों के साथ प्रसाद ग्रहण किया।

आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार आंवले का वृक्ष भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है। इसे भगवान विष्णु का प्रतीक मानकर पूजा जाता है। धार्मिक ग्रंथों में आंवले के वृक्ष की महिमा का उल्लेख मिलता है। मान्यता है कि कार्तिक मास में भगवान विष्णु की पूजा के साथ आंवले के वृक्ष का पूजन करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। आंवले को भगवान विष्णु का प्रिय फल माना गया है। यही कारण है कि कार्तिक शुक्ल नवमी को इस वृक्ष की पूजा का विशेष विधान है।

माता लक्ष्मी से जुड़ी है आंवला नवमी की पौराणिक कथा

आंवला नवमी से जुड़ी एक प्रचलित पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार माता लक्ष्मी पृथ्वी लोक में भ्रमण कर रही थीं। इस दौरान उनके मन में भगवान विष्णु और भगवान शिव की एक साथ पूजा करने की इच्छा हुई। माता लक्ष्मी ने विचार किया कि भगवान विष्णु को तुलसी और भगवान शिव को बेलपत्र प्रिय है। आंवले के वृक्ष में इन दोनों के गुणों का समावेश मानते हुए उन्होंने आंवले के वृक्ष को दोनों देवताओं का प्रतीक मानकर उसकी पूजा की। माता लक्ष्मी की आराधना से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु और भगवान शिव प्रकट हुए। इसके बाद माता लक्ष्मी ने आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन तैयार किया और दोनों देवताओं को भोग लगाकर स्वयं भी प्रसाद ग्रहण किया। मान्यता है कि यह घटना कार्तिक शुक्ल नवमी के दिन हुई थी। तभी से इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा और उसकी छाया में भोजन करने की परंपरा शुरू हुई।

सतयुग की शुरुआत से भी जुड़ा है पर्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवला नवमी को सतयुग की शुरुआत का दिन भी माना जाता है। इसी कारण इसे सतयुगादि नवमी भी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन किए गए जप, तप, पूजा-पाठ, हवन और दान का फल अक्षय होता है। यानी व्यक्ति को इन धार्मिक कार्यों का पुण्य लंबे समय तक प्राप्त होता है। यही वजह है कि इस दिन जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, धन और अन्य आवश्यक वस्तुओं का दान करने की परंपरा है।

इस पर्व पर आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन बनाने और ग्रहण करने की परंपरा भी विशेष रूप से प्रचलित है। श्रद्धालु परिवारों ने वृक्ष की छाया में बैठकर भोजन कियां और जरूरतमंदों को भोजन कराया। धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मकता बनी रहती है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778973 Articles

Share this story