केंद्रीय गृहमंत्री शाह का हरिद्वार दौरा, मुख्य सचिव ने लिया तैयारियों का जायजा

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय गृहमंत्री शाह का हरिद्वार दौरा, मुख्य सचिव ने लिया तैयारियों का जायजा


हरिद्वार, 05 मार्च (हि.स.)। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 7 मार्च को प्रस्तावित हरिद्वार भ्रमण कार्यक्रम को लेकर बैरागी कैंप स्थल पर चल रही व्यवस्थाओं सहित अन्य तैयारियों काजायजा लेने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ तथा गृह सचिव शैलेश बगौली सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हरिद्वार पहुंचे जहां उन्होंने स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए पांडाल, मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता एवं सुरक्षा प्रबंधों का विस्तृत निरीक्षण किया। इसके साथ ही राज्य की विकास यात्रा एवं नए कानूनों से संबंधित प्रस्तावित प्रदर्शनी की तैयारियों की भी समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री का भ्रमण अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं त्रुटिरहित, सुव्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें।

निरीक्षण के दौरान सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे, एडीजी अजय प्रकाश अंशुमन, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, एमडी सिडकुल सौरभ गहरवार तथा महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर अपर सचिव मेहरबान सिंह बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story