अमेरिकन आश्रम की जमीन पर कब्जे का आरोप, आश्रम गेट पर दिया धरना
हरिद्वार, 21 अगस्त (हि.स.)। भूपतवाला स्थित ऐतिहासिक अमेरिकन आश्रम की भूमि को खुर्द-बुर्द करने और कथित कब्जे के आरोपों को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। शुक्रवार को शिवनगर रानीगली निवासी नितिन यादव यदुवंशी ने आश्रम के मुख्य गेट के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर आश्रम की भूमि को कथित कब्जे से मुक्त कराने की मांग की।
नितिन यादव ने आरोप लगाया कि कुछ भू-माफिया अमेरिकन आश्रम की संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका दावा है कि आश्रम की कई बीघा भूमि को दूसरी संपत्ति में मिलाने की कोशिश की जा रही है। इसी क्रम में कथित तौर पर रातोंरात सीमेंट की शील्ड से दीवार खड़ी कर दी गई, जिससे आश्रम की भूमि पर कब्जे की स्थिति पैदा हो गई।
कपिल जौनसारी और हिमांशु वर्मा ने कहा कि पिछले कई वर्षों से कुछ लोगों द्वारा आश्रम की संपत्ति पर कब्जे का प्रयास किए जाने के आरोप सामने आते रहे हैं। उन्होंने बताया कि मामले में पूर्व में जिलाधिकारी और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग भी की जा चुकी है। उन्होंने प्रशासन से आश्रम की भूमि और संपत्ति के दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। वहीं दिनेश खड़का, ओम मलिक और समाजसेवी रितेश ने कहा कि प्रशासन को पूरे मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए। यदि जांच में कब्जे की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आश्रम की भूमि को कब्जामुक्त कराया जाना चाहिए।
नितिन यादव ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द आश्रम की संपत्ति की जांच नहीं कराई तो क्षेत्रवासियों के साथ अमेरिकन आश्रम से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में शिवकुमार राजपूत, शुभम जोशी, लव पांडे, करन पंत, मोनू राजपूत समेत कई लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

