अमेरिकन आश्रम की भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण व ध्वस्तीकरण की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अमेरिकन आश्रम की भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण व ध्वस्तीकरण की मांग


हरिद्वार, 19 अगस्त (हि.स.)। भूपतवाला स्थित ऐतिहासिक धार्मिक संस्था अमेरिकन आश्रमध्स्वामी देवानंद ट्रस्ट की संपत्ति से जुड़ी शिकायतों को लेकर वार्ड संख्या-1 सप्तऋषि के पार्षद आकाश भाटी ने हरिद्वार विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराकर अवैध निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की मांग की।

पार्षद ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि ट्रस्ट की भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जे, बिना स्वीकृत मानचित्र निर्माण, दुकानों के निर्माण तथा अवैध कॉलोनी और प्लॉटिंग जैसी गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने संबंधित विभागों से तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराने के साथ ही राजस्व अभिलेखों और अन्य दस्तावेजों की जांच की मांग की। ज्ञापन में अमेरिकन आश्रम से लगी करीब 3 बीघा भूमि पर कथित कब्जे और चारदीवारी किए जाने की शिकायत का भी उल्लेख किया गया है। पार्षद ने भूमि के स्वामित्व, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों का सत्यापन कराने की मांग की।

आकाश भाटी ने कहा कि यदि जांच में कोई निर्माण बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत पाया जाता है तो नियमानुसार सीलिंग और ध्वस्तीकरण सहित कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही कथित अवैध कॉलोनी और प्लॉटिंग की जांच कर निर्माण एवं विक्रय गतिविधियों पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में अवैध कब्जा, धोखाधड़ी, कूटरचना, अनधिकृत हस्तांतरण अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। अधिकारियों या कर्मचारियों की लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आने पर उनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की मांग की गई।

धार्मिक और ऐतिहासिक संपत्ति की सुरक्षा प्राथमिकता

आकाश भाटी ने कहा कि यह केवल भूमि का मामला नहीं, बल्कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की संपत्ति की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रशासन से राजस्व विभाग, हरिद्वार विकास प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों के अभिलेखों का मिलान कर निष्पक्ष जांच कराने तथा स्थल का तत्काल निरीक्षण और सीमांकन कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जांच के बाद यदि किसी प्रकार का अवैध निर्माण या कब्जा प्रमाणित होता है तो कानून के अनुसार कार्रवाई कर धार्मिक ट्रस्ट की संपत्ति को सुरक्षित किया जाना चाहिए। ज्ञापन देने के दौरान मंडल अध्यक्ष शिव कुमार सैनी, एडवोकेट अंकित कुमार और धर्मशाला प्रबंधक समिति के महामंत्री मनोज उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story