एंबुलेंस बनी गांजा तस्करी का जरिया,आरोपित गिरफ्तार
पौड़ी गढ़वाल, 24 अगस्त (हि.स.)। पौड़ी पुलिस ने एंबुलेंस में 90 किलोग्राम गांजा तस्करी के मामले में कार्रवाई तेज करते हुए 24 घंटे के भीतर दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में एंबुलेंस चालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, श्रीनगर पुलिस टीम सोमवार को आवास विकास ग्राउंड के समीप वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली गई। एंबुलेंस में रखे नौ कट्टों से कुल 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से चालक रविंद्र सिंह को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त एंबुलेंस को सीज कर दिया। इस संबंध में कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि जनपद में नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और तस्करों की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के निर्देश दिए गए थे। गिरफ्तार चालक से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच में रविंद्र कठैत उर्फ बिट्टू निवासी कीर्तिनगर और विनोद रावत निवासी रुद्रप्रयाग के नाम सामने आए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विनोद रावत को रुद्रप्रयाग और रविंद्र कठैत को श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रविंद्र कठैत ने बताया कि उसने एंबुलेंस चालक रविंद्र सिंह के साथ मिलकर विनोद रावत से थोक मात्रा में गांजा खरीदा था। इसके बाद गांजे को श्रीनगर में अधिक कीमत पर बेचकर अवैध लाभ कमाने की योजना थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मादक पदार्थों के परिवहन के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल इसलिए किया, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि सामान्य वाहनों की तुलना में एंबुलेंस पर कम संदेह होगा और उसकी चेकिंग भी कम होने की संभावना रहती है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

