अंबेडकर जयंती पर निकली प्रभात फेरी, गूंजे समरसता के संदेश
हरिद्वार, 14 अप्रैल (हि.स.)। डॉ. भीमराव भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर समाज कल्याण समिति की ओर से नगर में भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। पूरे मार्ग में “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
प्रभात फेरी के दौरान समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने बाबा साहेब के विचारों का प्रचार-प्रसार करते हुए सामाजिक समरसता और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री विनोद जयंत ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने वंचित और शोषित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। आज आवश्यकता है कि उनके पदचिन्हों पर चलते हुए शिक्षा को अपनाया जाए और समाज में जागरूकता फैलाई जाए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करें और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
प्रभात फेरी नई बस्ती रामनगर से प्रारंभ होकर बीएसएम तिराहा, चावमंडी, चंद्रपुरी और नेहरू स्टेडियम होते हुए नगर निगम स्थित आंबेडकर पार्क पहुंची, जहां बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

