सतपुली में सजा पूर्व छात्र मिलन समारोह,बेटियों का किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
सतपुली में सजा पूर्व छात्र मिलन समारोह,बेटियों का किया सम्मान


पौड़ी गढ़वाल, 16 जून (हि.स.)। सतपुली के रामलीला मैदान में कुंज नवयुवती ट्रस्ट (सतपुली) की ओर से विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी पूर्व छात्र मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 263 दिशा ध्याणी बेटियों को सम्मान किया गया।

सतपुली में आयोजित समारोह में सुप्रसिद्ध लोक गायक गजेंद्र राणा, मंगलेश डंगवाल व विवेक नौटियाल ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ पूर्व छात्रों ने पुरानी स्मृतियों को साझा करते हुए आपसी भाईचारे एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर एवं क्षेत्र की बेटियों, जिन्हें स्थानीय परंपरा में दिशा ध्याणी कहा जाता है को सम्मानित किया गया। कुल 263 दिशा ध्याणी बेटियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों एवं समाज में उनके योगदान का अभिनंदन किया गया।

इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत सतपुली के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, पूर्व जिला सहकारी बैंक निदेशक नरेंद्र सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य पूनम कैंथुरा, पूर्व ब्लाक प्रमुख पोखड़ा सुरेंद्र सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम संयोजक पूर्व प्रधान जगदंबा प्रसाद डंगवाल ने अन्य प्रांतों से आई दिशा ध्याणी का विशेष आभार जताया।

इस मौके पर समिति के सदस्य आंचला नंद डोबरियाल, लोकेश वर्मा, हरि सिंह, प्रिंस भट्ट, संजय कुकरेती, सौरभ बिष्ट, मनीष रौथेला, पुष्पा असवाल, रेनू घिल्डियाल आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story