पैठाणी के पौराणिक राहु मंदिर को मिल रहा भव्य स्वरूप

WhatsApp Channel Join Now
पैठाणी के पौराणिक राहु मंदिर को मिल रहा भव्य स्वरूप


पौड़ी गढ़वाल, 19 नवंबर (हि.स.)। जनपद के पैठाणी स्थित पौराणिक राहु मंदिर को उसकी धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता के अनुरूप भव्य स्वरूप देने की दिशा में किए जा रहे प्रयास अब दिखाई देने लगे हैं।

मंदिर परिसर में पूर्व से मौजूद अव्यवस्थित संरचनाओं को हटाकर सुव्यवस्थित प्रांगण विकसित किया गया है, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं भी तैयार की गई हैं। मंदिर को पारंपरिक पौराणिक शैली में आकर्षक स्वरूप देने के साथ ही इसे धार्मिक तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मंदिर के समग्र विकास को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा पूर्व में आयोजित बैठकों और स्थलीय निरीक्षणों में लिए गए निर्णयों के क्रम में उन्होंने आज पुनः मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अब तक किए गए निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया तथा मंदिर समिति, स्थानीय ग्रामीणों और संबंधित अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि राहु मंदिर का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित न रहे, बल्कि इसकी पौराणिक पहचान, पारंपरिक वास्तुशैली और धार्मिक गरिमा को केंद्र में रखकर इसे एक विशिष्ट तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जाए। जिलाधिकारी ने मंदिर में नवनिर्मित कक्षों का व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रतीक्षालय, पूजा हॉल सहित अन्य कक्षों पर नाम पट्टिकाएं लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रथम तल पर बनाए गए पूजा कक्ष को शीघ्र व्यवस्थित करने तथा भवन के पीछे की दीवार पर पत्थर लगाने का कार्य जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए वाटर प्यूरीफायर स्थापित करने और सार्वजनिक शौचालय निर्माण पर भी जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने मंदिर के प्रवेश द्वार को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने, रेलिंग का सौंदर्यीकरण करने, भवन की फिनिशिंग बेहतर बनाने तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों पर साइनेज और व्यू कटर स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा के साथ परिसर का सुंदर दृश्य भी मिल सके।

मंदिर विकास के दूसरे चरण में राहु शिला क्षेत्र को तीर्थाटन की दृष्टि से विकसित करने के साथ घाट का निर्माण, श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर स्थित पुल में सुरक्षा जाली लगाने, राहु शिला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने और पर्याप्त कूड़ेदान स्थापित करने जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मंदिर के पीछे किचन-कम-स्टोर का निर्माण तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास पर भी चर्चा की गई। मंदिर समिति की ओर से रखे गए इन सुझावों पर जिलाधिकारी ने सहमति जताते हुए कार्यों को समिति की आवश्यकताओं और श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप आगे बढ़ाने की बात कही।

जिलाधिकारी ने कहा कि पैठाणी राहु मंदिर का व्यवस्थित एवं आकर्षक विकास क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इससे पैठाणी क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय व्यापार, स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे। इस दिशा में स्थानीय लोगों, मंदिर समिति और व्यापार संघ के सुझावों को भी विकास कार्यों में प्राथमिकता दी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य शिवचरण नौडियाल, मंदिर समिति अध्यक्ष विनोद सिंह रावत, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, सहायक अभियंता जगदीश नेगी, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story