युवक पर मादा तेंदुए का हमला

WhatsApp Channel Join Now
युवक पर मादा तेंदुए का हमला


नैनीताल, 25 अक्टूबर (हि.स.)। नगर में वन्यजीवों की आवाजाही के बीच किलबरी रोड पर राजकीय पॉलीटेक्निक के मोड़ के पास एक युवक पर मादा तेंदुए के हमले की घटना सामने आयी है। बताया गया है कि घर लौट रहे आमिर अब्दुल्ला नाम के युवक के सामने अचानक झाड़ियों से मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ आ गयी। इस दौरान तेंदुए ने युवक के पैर पर हमला करने का प्रयास किया। युवक ने हिम्मत दिखाते हुए पैर झटका, जिसके बाद मादा तेंदुआ पीछे हट गयी। युवक ने अपने पैर पर कुछ खरोंच दिखाते हुए इसे तेंदुवे के हमले का परिणाम बताया है।

आशंका जतायी जा रही है कि शावकों के साथ मौजूद मादा तेंदुए ने उनकी सुरक्षा के दृष्टिगत युवक पर आक्रामक व्यवहार किया। घटना की जानकारी मिलने पर नगर पालिका के क्षेत्री सभासद भगवत रावत ने नैनीताल के वन क्षेत्राधिकारी को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

बताया गया है कि वन विभाग की टीम को मौके पर तेंदुए के पंजों के स्पष्ट निशान नहीं मिले। वन विभाग क्षेत्र में दोबारा बारीकी से जांच कर रहा है। क्षेत्रीय लोगों में क्षेत्र में मादा तेंदुवे के शावकों सहित मौजूद होने की संभावना को लेकर चिंता बनी हुई है। सभासद भगवत रावत ने वन विभाग से क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा की दृष्टि से पिंजरा लगाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766639 Articles

Share this story