प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता के आरोप, बुक्कनपुर के ग्रामीणों ने लगाए आरोप

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 20 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास आवंटन में कथित गड़बड़ी को लेकर लक्सर विकासखंड के ग्राम बुक्कनपुर में ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जिलाधिकारी हरिद्वार से मिले और उन्हें शिकायत पत्र सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि आवास योजना के सर्वे में पात्र पाए जाने के बावजूद कई गरीब और जरूरतमंद परिवारों के नाम अंतिम लाभार्थी सूची से बाहर कर दिए गए। वहीं, उनकी जगह ऐसे लोगों को योजना का लाभ दिया गया, जो पात्रता की श्रेणी में नहीं आते।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ग्राम प्रधान द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर कुछ लोगों से धनराशि की मांग की गई और कई लोगों से पैसे भी लिए गए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए तो आवास आवंटन में हुई कथित अनियमितताओं की सच्चाई सामने आ जाएगी।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, वास्तविक पात्र और जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।

शिकायत करने वालों में सुरेंद्र सिंह, समेर चंद, पहल सिंह, नसीम, नावेद, इमराना, मोमिना, सन्नो, पूनम, सुशीला, वीरेंद्री, प्रमिला, खुशनसीब, गुड़िया, सविता, अनिता, कुसुम, कश्मीरी, नौरती, सुनीता और शिवानी सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story