रास्ते की जमीन को लेकर गरमाया विवाद, एसडीएम ने तहसीलदार को सौंपी जांच
हरिद्वार, 01 सितंबर (हि.स.)। सुल्तानपुर आदमपुर नगर पंचायत क्षेत्र में रास्ते की जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर विवाद सामने आया है। नगर पंचायत के वार्ड सदस्य समेत अन्य लोगों ने उपजिलाधिकारी लक्सर को शिकायत देकर भूमि की जांच और कब्जा हटाने की मांग की है। एसडीएम ने मामले की जांच तहसीलदार लक्सर को सौंपते हुए पैमाइश और सीमांकन के निर्देश दिए हैं।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार मौजा सुल्तानपुर आदमपुर स्थित खसरा संख्या 522 की भूमि पर विवाद है। आरोप है कि भूमि के कुछ हिस्से पर तस्लीम, समीम और शमशेर पुत्रगण शराफत द्वारा कथित रूप से कब्जा किया गया है। इससे रास्ता प्रभावित हो रहा है और लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
शिकायत में मांग की गई है कि राजस्व टीम की मौजूदगी में भूमि की पैमाइश कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए और जरूरत पड़ने पर पुलिस बल व तहसील प्रशासन की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया जाए।
इससे पहले नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर की ओर से भी प्रशासन को पत्र भेजा जा चुका है। अधिशासी अधिकारी ने 6 मई 2026 को एसडीएम लक्सर को पत्र भेजकर खसरा संख्या 522 की भूमि का सीमांकन और चिन्हीकरण कराने का अनुरोध किया था। पत्र में बताया गया था कि भूमि की सीमाएं स्पष्ट न होने से विवाद की स्थिति बनी हुई है।
एसडीएम के निर्देश के बाद अब तहसील टीम राजस्व अभिलेखों और मौके की स्थिति का मिलान करेगी। पैमाइश के बाद ही स्पष्ट होगा कि अतिक्रमण हुआ है या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

