यूनीपोल में करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप, रिकवरी नहीं होने पर भड़के कांग्रेसी पार्षद

WhatsApp Channel Join Now
यूनीपोल में करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप, रिकवरी नहीं होने पर भड़के कांग्रेसी पार्षद


हरिद्वार, 28 नवंबर (हि.स.)। पूर्व सभासद अशोक शर्मा और कांग्रेस पार्षदों ने मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार से मुलाकात कर यूनीपोल मामले में कथित अनियमितताओं और वार्डों में विकास कार्य नहीं होने पर नाराजगी जताई।

अशोक शर्मा ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत से यूनीपोल मामले में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। कंपनी ने कम यूनीपोल दर्शाकर अधिक लगाए, जिससे निगम को नुकसान हुआ। इसकी भरपाई कंपनी से कराई जानी चाहिए। निगम क्षेत्र में यूनीपोल की कभी सही गिनती नहीं की गई। जिन यूनीपोल का टेंडर समाप्त हो चुका है, उन पर भी विज्ञापन प्रदर्शित किए जा रहे हैं। करोड़ों की रिकवरी बकाया है, लेकिन अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि लंबे समय से विकास कार्य ठप पड़े हैं। आंतरिक सड़कें और नालियां क्षतिग्रस्त हैं। टेंडर आगे नहीं बढ़ने से काम शुरू नहीं हो पा रहे हैं। क्षतिग्रस्त सड़कों में चूहों द्वारा गड्ढे किए जाने से भी लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने जल्द विकास कार्य शुरू कराने की मांग की। मुख्य नगर आयुक्त ने बताया कि कंपनी से रिकवरी की कार्रवाई चल रही है। जल्द ही वार्डों में विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे। इस दौरान पार्षद हिमांशु गुप्ता, सोहित सेठी, सुनील कुमार, नोमान अंसारी, मयंक सिंह, हाजी शहाबुद्दीन आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784598 Articles

Share this story