टिहरी झील में जुटेंगी देशभर की पुलिस टीमें, 52 स्पर्धाओं में दिखेगा दमखम

WhatsApp Channel Join Now
टिहरी झील में जुटेंगी देशभर की पुलिस टीमें, 52 स्पर्धाओं में दिखेगा दमखम


देहरादून, 06 अप्रैल (हि.स.)। 25 वां ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर के तहत टिहरी झील में देशभर की पुलिस टीमें जुटेंगी। 08 से 12 अप्रैल तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में राज्य पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों कीदेश भर की कुल 19 टीमें हिस्सा लेंगी। कुल 52 स्पर्धाओं में कैनोइंग, कयाकिंग और रोइंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। आयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।

सोमवार को सीमाद्वार स्थित आईजी आईटीबीपी मुख्यालय में आईजी मनु महाराज ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के सफल संचालन की जिम्मेदारी इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस को सौंपी गई है, जबकि यह प्रतियोगिता ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित होगी।

उन्होंने बताया कि आयोजन में देशभर से विभिन्न राज्य पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कुल 19 टीमें भाग लेंगी। इनमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, असम राइफल्स सहित विभिन्न राज्यों की पुलिस टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता में करीब 500 खिलाड़ी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, तकनीकी अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों सहित कुल 1000 से 1200 लोगों के भाग लेने की संभावना है।

प्रतियोगिता के अंतर्गत कुल 52 इवेंट आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कैनोइंग की 18, कयाकिंग की 18 और रोइंग की 16 स्पर्धाएं शामिल हैं। कैनोइंग एवं कयाकिंग में 200, 500 और 1000 मीटर की दौड़ आयोजित होगी, जबकि रोइंग में 500 और 2000 मीटर की प्रतिस्पर्धाएं कराई जाएंगी। सभी प्रतियोगिताएं पुरुष एवं महिला वर्ग में आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम के अनुसार 06 अप्रैल से टीमों का आगमन प्रारंभ होगा। 07 अप्रैल को उद्घाटन समारोह की रिहर्सल और 08 अप्रैल को भव्य उद्घाटन के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा। उद्घाटन के बाद रोइंग प्रतियोगिताएं शुरू होंगी, जबकि 09 अप्रैल से अन्य स्पर्धाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होंगी। समापन समारोह 12 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा।

आयोजन के दौरान कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि 09 अप्रैल को पदक वितरण समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा के शामिल होने की संभावना है।

आयोजन स्थल टिहरी झील पर इस प्रतियोगिता के आयोजन से राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर पर्यटन, होटल, परिवहन और व्यापार गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन टिहरी को एक प्रमुख वाटर स्पोर्ट्स एवं एडवेंचर पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी सहायक सिद्ध होगा। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और आपसी सहयोग का भी प्रतीक है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story