चारधाम यात्रा मार्गों पर समानांतर प्रणाली से हो सफाई व्यवस्था: सुधांशु

WhatsApp Channel Join Now
चारधाम यात्रा मार्गों पर समानांतर प्रणाली से हो सफाई व्यवस्था: सुधांशु


-वायु गुणवत्ता सुधार और स्वच्छ वायु सर्वेक्षण रैंक बढ़ाने पर जोर

देहरादून, 20 मार्च (हि.स.)। प्रमुख सचिव (वित्त) रमेश कुमार सुधांशु की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य स्तरीय वायु गुणवत्ता निगरानी समिति की बैठक हुई। इस बैठक में वायु सर्वेक्षण रैंक में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने और स्वच्छता मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

प्रमुख सचिव ने बैठक में देहरादून, ऋषिकेश और काशीपुर में वायु प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने एमडीडीए के साथ समन्वय स्थापित कर निर्माण स्थलों पर सामग्री को कवर करने और नियमित जल छिड़काव के माध्यम से धूलजनित प्रदूषण को नियंत्रित करने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा मार्गों और अस्थायी आश्रय स्थलों पर सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए उन्होंने एनजीओ की सहभागिता से चिन्हित स्थलों पर समानांतर प्रणाली के तहत सफाई कार्य संचालित करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही कूड़ा एकत्रीकरण के लिए वाहनों में डस्टबिन की व्यवस्था, ‘क्या करें, क्या न करें’ संबंधी जन-जागरूकता पंपलेट लगाने और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम-2026 के अनुरूप कूड़ा पृथक्करण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते ने बताया कि देहरादून में वर्ष 2019-20 की तुलना में 2024-25 में पीएम-10 स्तर में 44.27 प्रतिशत सुधार दर्ज किया गया है। ऋषिकेश में 38.2 प्रतिशत और काशीपुर में 26.92 प्रतिशत सुधार हुआ है। काशीपुर में निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए सीएंडडी प्रोसेसिंग प्लांट का प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में वन सचिव सी. रविशंकर, अपर सचिव कल्याणी, नगर आयुक्त देहरादून नमामि बंसल, अपर सचिव संतोष बडोनी, अपर जिला मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story