आकाशवाणी देहरादून की ओर से गुरुवार को युवा संगीत सम्मेलन का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now


देहरादून, 25 नवंबर (हि.स.)। आकाशवाणी देहरादून द्वारा युवा एवं उभरती संगीत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से गुरुवार, 26 नवंबर को ‘एआईआर राइजिंग स्टार सीजन-1’ युवा संगीत सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे संस्कृति विभाग ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।

आकाशवाणी की 90वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शुरू की गई यह विशेष पहल देशभर के 26 आकाशवाणी केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य 30 वर्ष से कम आयु के युवा कलाकारों को प्रोत्साहित करना, भारतीय शास्त्रीय, सुगम एवं लोक संगीत की समृद्ध परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय मानक ब्यूरो देहरादून के निदेशक हेमंत बी. आड़े होंगे। इस अवसर पर आकाशवाणी एवं दूरदर्शन देहरादून के क्लस्टर प्रमुख सुरेश कुमार मीना, कार्यक्रम प्रमुख अनिल भारती, आकाशवाणी के सहायक निदेशक (कार्यक्रम) रमेश चंद्र, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष नामदेव व आकाशवाणी देहरादून के समाचार प्रमुख अनिल दत्त शर्मा उपस्थित रहेंगे। पीआईबी एवं दूरदर्शन न्यूज की संयुक्त निदेशक साक्षी सिंह सहित कार्यक्रम अधिशासी अनीता तित्याल एवं संकल्प मिश्रा भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

सम्मेलन में युवा कलाकारों द्वारा विभिन्न संगीत विधाओं की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। भजन गायन में पीयूष कश्यप, गढ़वाली लोकगीत में शिया कोहली एवं मृणाल रतूड़ी तथा जौनसारी लोकगीत में अंशु वर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अतिरिक्त गुरुकुल कन्या महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की जाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783090 Articles

Share this story