ऐपण प्रतियोगिता में अस्मिता और निहारिका रहीं प्रथम

WhatsApp Channel Join Now
ऐपण प्रतियोगिता में अस्मिता और निहारिका रहीं प्रथम


नैनीताल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपण कला और लोक संस्कृति के संरक्षण तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को वृंदावन पब्लिक स्कूल में 13वीं चंद्र लाल साह विद्यालय स्तरीय ऐपण प्रतियोगिता एवं तीसरी राजेंद्र लाल साह ओपन ऐपण प्रतियोगिता आयोजित की गयी।

साह-चौधरी समाज नैनीताल एवं वृंदावन पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में नैनीताल और हल्द्वानी के विभिन्न विद्यालयों के 45 विद्यार्थियों सहित शहर की 15 महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में जीजीआईसी नैनीताल, ऐशडेल स्कूल, सनवाल स्कूल, मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर, ऑल सेंट्स कॉलेज, नगर पालिका स्कूल काठगोदाम और भारतीय शहीद सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों ने पारंपरिक ऐपण कला के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सनवाल स्कूल की अस्मिता परिहार ने प्रथम, मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर की गीतांजलि हल्सी ने द्वितीय और सनवाल स्कूल की दिव्यांशी बोहरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पंखुड़ी गोस्वामी, भारती जोशी, यामिनी राजपूत, ज्योत्सना आर्या और आयुषी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किये गये। अंकों के आधार पर सनवाल स्कूल ने टीम चैंपियनशिप अपने नाम की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुमाऊं विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलसचिव रितेश साह ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक दौर में भी बच्चों का अपनी संस्कृति और पारंपरिक कलाओं से जुड़ाव सराहनीय है। ऐसी प्रतियोगिताएं लोक कलाओं के संरक्षण और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विशिष्ट अतिथियों में ताल चौनल की प्रबंधक ईशा साह, किंग प्रेस के प्रबंधक घनश्याम लाल साह, भारत टेंट हाउस के प्रबंधक कान्हा साह और चौधरी कंस्ट्रक्शन के प्रबंधक विमल चौधरी शामिल रहे। समाज की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

वहीं तीसरी राजेंद्र लाल साह ओपन ऐपण प्रतियोगिता में निहारिका साह ने प्रथम, अंकिता रौतेला ने द्वितीय और याशवी रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कमला धामी चौथे और अंजलि बुधलाकोटी पांचवें स्थान पर रहीं। विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में बृजमोहन जोशी, शीला साह, सुधा साह, जानकी साह और मंजू साह ने निर्णायक की भूमिका निभायी। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र साह ने किया। साह-चौधरी समाज के अध्यक्ष मनोज साह और सचिव शैलेन्द्र चौधरी ने प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की संयोजक राखी साह और सह-संयोजक भारती साह के योगदान की भी सराहना की गयी। इस अवसर पर समाज के सदस्य और विद्यालय की शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766257 Articles

Share this story