ग्राफिक एरा में स्मार्ट टूल्स और एआई आधारित डिवाइस तकनीक पर विशेष सत्र आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
ग्राफिक एरा में स्मार्ट टूल्स और एआई आधारित डिवाइस तकनीक पर विशेष सत्र आयोजित


देहरादून, 30 मार्च (हि.स.)। देहरादून स्थित ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में सोमवार को आयोजित एक विशेष सत्र में छात्रों को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस निर्माण में उपयोग होने वाले स्मार्ट टूल्स, एआई आधारित कार्यप्रणाली और डिवाइस तकनीक को उन्नत बनाने के तरीकों की जानकारी दी गई।अगली पीढ़ी के सेमीकंडक्टर मॉडलिंग में एआई टूल्स के उपयोग विषय पर आयोजित इस सत्र को संबोधित करते हुए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के प्रोफेसर डॉ. सुदेब दासगुप्ता ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव के साथ तकनीक नई ऊंचाइयों पर पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि 2-3 नैनोमीटर स्तर के सूक्ष्म सेमीकंडक्टर डिवाइस लगातार अधिक उन्नत हो रहे हैं, जिनके विकास के लिए भौतिक विज्ञान की गहन समझ आवश्यक है।उन्होंने कहा कि एआई टूल्स और स्मार्ट प्रक्रियाएं सेमीकंडक्टर के डिजाइन और निर्माण को अधिक सटीक और प्रभावी बनाती हैं। युवाओं को नवाचार के साथ ऐसी तकनीकों के विकास पर ध्यान देना चाहिए, जो व्यावहारिक होने के साथ भविष्य की आवश्यकताओं को भी पूरा कर सकें।इस सत्र का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन विभाग और ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स की ओर से संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में प्रो-वीसी डॉ. संतोष एस. सर्राफ, विभागाध्यक्ष डॉ. इरफानुल हसन, डॉ. वारिज पवार, डॉ. पीयूष पांडे सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story