एआई निवेशक प्रस्तुति और बाजार विश्लेषण में बनेगा मददगार

WhatsApp Channel Join Now
एआई निवेशक प्रस्तुति और बाजार विश्लेषण में बनेगा मददगार


नैनीताल, 17 अगस्त (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन सेल, अतिथि व्याख्याता निदेशालय और आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को ‘एआई के माध्यम से फंड रेजिंग और निवेशक प्रस्तुति’ विषय पर ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विशेषज्ञों ने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता स्टार्टअप और नवाचार से जुड़े उद्यमियों के लिए प्रभावी निवेशक प्रस्तुति तैयार करने, संभावित वित्तपोषण अवसरों की पहचान करने और बाजार विश्लेषण को अधिक सटीक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

कुमाऊं विश्वविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.रमेश बेलवाल और माइक्रोसॉफ्ट हैदराबाद की सलाहकार कल्याणी तिवारी ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में प्रतिभागियों को संबोधित किया। डॉ. बेलवाल ने बैंकिंग क्षेत्र में मशीन लर्निंग,अंडरफिटिंग और ओवरफिटिंग,ऋण चूककर्ताओं की भविष्यवाणी,बाजार मांग के आकलन और फंड रेजिंग मॉडल पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पक्षपाती या अपर्याप्त आंकड़ों से एआई के परिणाम प्रभावित हो सकते हैं,इसलिए स्वतंत्र सत्यापन आवश्यक है।

कल्याणी तिवारी ने प्रभावी निवेशक प्रस्तुति के लिए शोध, सशक्त कहानी, उपयुक्त प्रस्तुति सामग्री और बेहतर क्रियान्वयन को चार प्रमुख आधार बताया। उन्होंने कहा कि एआई इन सभी चरणों में सहयोगी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विभिन्न एआई उपकरणों के माध्यम से शोध, सारांश, पोर्टफोलियो विश्लेषण, बैठक की तैयारी और प्रस्तुति को अधिक प्रभावी बनाने के उदाहरण भी दिए।

कार्यशाला में 84 प्रतिभागियों ने भाग लिया। वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो.ललित तिवारी ने संचालन किया,जबकि प्रो.आशीष तिवारी ने स्वागत किया। इस अवसर पर प्रो.गीता तिवारी,प्रो. हरिप्रिया पाठक, प्रो.लज्जा भट्ट,डॉ.रीमा मिश्रा,डॉ.रीना साह,डॉ.पेनी जोशी,डॉ.नवीन पांडे,डॉ. नंदन मेहरा, डॉ.श्रुति साह,डॉ.संतोष कुमार,डॉ.हर्षवर्धन,डॉ.अशोक उप्रेती,डॉ.हृदेश शर्मा, डॉ. सरोज शर्मा,डॉ.आंचल अनेजा,डॉ.दीपशिखा जोशी, अभिषेक और शीतल कोरंगा सहित अनेक शिक्षक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story