टी महोत्सव की तैयारियां समयबद्ध पूरी करें अधिकारी : गणेश जोशी

WhatsApp Channel Join Now
टी महोत्सव की तैयारियां समयबद्ध पूरी करें अधिकारी : गणेश जोशी


-हनी पॉलिसी की लॉन्चिंग और सीएम समृद्धि योजना पर भी हुई चर्चा

देहरादून, 31 अक्टूबर (हि.स.)। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने नवंबर में प्रस्तावित टी महोत्सव की तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से केंद्र और राज्य सरकार की कृषि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा उनका लाभ किसानों तक पहुंचाने को कहा।

कृषि मंत्री ने शनिवार को अपने कैंप कार्यालय में कृषि विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न केंद्र एवं राज्य पोषित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और उनके क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में नवंबर में प्रस्तावित टी महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा के साथ हनी पॉलिसी की लॉन्चिंग और सीएम समृद्धि योजना पर भी चर्चा हुई। कृषि मंत्री ने कहा कि नवंबर में प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों की तैयारियां तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं। इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें।

उन्होंने किसानों के हितों और उनकी आजीविका संवर्धन के लिए काम कर रही निजी संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी संस्थाओं के अनुभव, संसाधनों और प्रयासों का लाभ किसानों तक पहुंचाया जाना चाहिए। किसान हितैषी गतिविधियों और योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।

बैठक में सचिव कृषि एसएन पांडेय, निदेशक कृषि दिनेश कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story