उत्तराखंड में खेती-किसानी को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर, मोटे अनाज से कीवी-ड्रैगन फ्रूट तक को बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में खेती-किसानी को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर, मोटे अनाज से कीवी-ड्रैगन फ्रूट तक को बढ़ावा


देहरादून, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में खेती-किसानी को पारंपरिक कृषि से आगे बढ़ाकर स्वरोजगार और ग्रामीण आजीविका का आधार बनाने के लिए राज्य सरकार ने पिछले पांच वर्षों में कृषि एवं उद्यान क्षेत्र में विभिन्न नीतियां और प्रोत्साहन योजनाएं शुरू की हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में मोटे अनाज की खेती के साथ कीवी, ड्रैगन फ्रूट और सुगंधित पौधों के उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन को भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने पर जोर दिया गया है।

राज्य सरकार के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में परंपरागत फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए वर्ष 2023 में उत्तराखंड स्टेट मिलेट्स पॉलिसी लागू की गई। इसके तहत वर्ष 2030-31 तक 134.89 करोड़ रुपये की कार्ययोजना स्वीकृत की गई है। मंडुवा और झंगोरा के बीज तथा जैव उर्वरक पर 80 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। मंडुवा का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 5,200 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है।

इसी तरह वर्ष 2025 में जारी की गई कीवी नीति के तहत किसानों को कुल लागत पर 70 प्रतिशत सब्सिडी देने का प्रावधान है। इसके माध्यम से प्रदेश के 17,500 किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए भी 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है।

महक क्रांति नीति के तहत 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित फसलों की खेती विकसित करने और सात अरोमा वैली स्थापित करने की योजना है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के एरोमैटिक सेक्टर का वार्षिक कारोबार 100 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

पर्वतीय क्षेत्रों में बिखरी कृषि भूमि को खेती के अनुकूल बनाने के लिए सरकार ने स्वैच्छिक एवं आंशिक चकबंदी प्रोत्साहन नीति-2026 को मंजूरी दी है। इसके तहत अगले पांच वर्षों में 275 गांवों को चकबंदी से जोड़ने का लक्ष्य है। इसके साथ ही राज्य की संपूर्ण कृषि भूमि का चरणबद्ध सर्वेक्षण और बंदोबस्त कराने का प्रावधान किया गया है। गन्ना किसानों को उत्तर प्रदेश की तुलना में पांच रुपये प्रति क्विंटल अधिक मूल्य दिए जाने की बात भी सरकार ने कही है।

मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन के तहत गोपालन, बकरीपालन और भेड़पालन के माध्यम से 11,500 से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का दावा किया गया है। गोट वैली योजना के तहत 41 क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं, जिनसे 5,827 लाभार्थी जुड़ चुके हैं। गोपालन योजना में गाय के साथ भैंस खरीदने का विकल्प भी दिया गया है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में दुग्ध उत्पादन वर्ष 2021-22 के 50.92 लाख लीटर प्रतिदिन से बढ़कर 54.59 लाख लीटर प्रतिदिन हो गया है। उत्तराखंड की बद्री गाय के घी को जीआई टैग भी प्राप्त हुआ है।

पर्वतीय क्षेत्रों में मत्स्य पालन को आजीविका का विकल्प बनाने के लिए 170 करोड़ रुपये की ट्राउट प्रोत्साहन योजना शुरू की गई है। राज्य गठन के बाद पहली बार पांच मीट्रिक टन रेनबो ट्राउट मछली का निर्यात किया गया। इससे 33 मत्स्यपालकों को करीब 23.50 लाख रुपये की आय हुई। प्रदेश में मत्स्यपालकों की संख्या बढ़कर 15,657 हो गई है, जिनमें 3,584 महिलाएं शामिल हैं।

किसानों को आर्थिक संबल देने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेजे जाने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

सरकार का कहना है कि कृषि एवं इससे जुड़े क्षेत्रों में इन पहलों का उद्देश्य खेती का विविधीकरण, उत्पादन में वृद्धि और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर विकसित करना है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story