कृषि मंत्री गणेश जोशी असम में चाय उत्पादन तकनीकों का करेंगे अध्ययन
देहरादून, 28 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी आगामी 10 से 16 अप्रैल तक असम दौरे पर रहेंगे,जहां वे उन्नत चाय उत्पादन तकनीकों का अध्ययन करेंगे। इस दौरान वे राज्य के प्रमुख चाय बागानों और आधुनिक फैक्ट्रियों का निरीक्षण करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस दौरे में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल,सल्ट विधायक महेश सिंह जीना सहित चाय विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष,कृषि सचिव और अन्य अधिकारी भी शामिल रहेंगे। दौरे का उद्देश्य असम के सफल चाय उत्पादन मॉडल का अध्ययन कर उत्तराखंड में इसके अनुप्रयोग की संभावनाओं का आकलन करना है।
भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल चाय बागानों की उत्पादन क्षमता,प्रसंस्करण और विपणन व्यवस्था का अध्ययन करेगा। साथ ही स्थानीय चाय उत्पादकों एवं निर्यातकों के साथ बैठक कर गुणवत्ता सुधार और बाजार विस्तार से जुड़े सुझाव लिए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल आधुनिक चाय फैक्ट्रियों का निरीक्षण कर नवीनतम तकनीकों की जानकारी भी हासिल करेगा। इसके अलावा असम में विकसित हो रहे टी-टूरिज्म मॉडल का अध्ययन कर उत्तराखंड में इसके विस्तार की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इस दौरे से प्राप्त अनुभव राज्य में चाय उद्योग के समग्र विकास,गुणवत्ता सुधार और किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

