जिला अस्पताल पौड़ी में बाइक से स्टंट करने वाला धरा

WhatsApp Channel Join Now


पौड़ी गढ़वाल, 17 जून (हि.स.)। जिला अस्पताल पौड़ी में एक युवक को स्टंट करना भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो जारी होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की बाइक भी सीज कर दी गई है।

कोतवाल जयपाल नेगी ने बताया कि बीते मंगलवार को एक युवक द्वारा जिला अस्पताल के भीतर बाइक से स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिस पर जिला अस्पताल के पीएमएस डा. एलडी सेमवाल ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में अज्ञात युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

कहा कि अज्ञात युवक ने अस्पताल भवन के भीतर बाइक स्टंट कर मरीजों व स्टाफ की जान को जोखिम में डालने का काम किया है। मामले में कोतवाली में तहरीर देकर व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है।

कोतवाल जयपाल नेगी ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से अस्पताल भवन के भीतर बाइक राइडिंग करने वाले अज्ञात युवक के खिलाफ कार्रवाई का पत्र मिला था। बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करते हुए बाइक को सीज कर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story